Delhi NCR Weather Update: तेज आंधी-बारिश का कहर, मेट्रो स्टेशन की छत उड़ी, दीवार गिरने से 3 की मौत, कई घायल

Photo of author

By Hindustan Uday

🕒 Published 3 months ago (7:54 AM)

Delhi NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में शनिवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इस अप्रत्याशित मौसम के कारण कई इलाकों में भारी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रैपिड मेट्रो के न्यू अशोक नगर स्टेशन पर तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई, जहां मेट्रो स्टेशन की छत उड़ गई और टीन की चादरें दूर-दूर तक बिखर गईं। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

वहीं, सेंट्रल दिल्ली के नवी करीम इलाके के आराकसा रोड पर एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुखद घटना में मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

नवी करीम में दीवार गिरने से तीन की जान गई:

नवी करीम में दीवार गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य शुरू किया गया और मलबे से दो लोगों के शव निकाले गए। इसके अलावा, चार घायल व्यक्तियों को भी मलबे से निकालकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर एक तीन मंजिला होटल का निर्माण कार्य चल रहा था और बेसमेंट में काम के दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश के कारण दीवार गिर गई, जिसमें छह लोग दब गए थे। पुलिस ने सभी को रेस्क्यू कर लिया है और घायलों का इलाज जारी है।

न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन पर भारी नुकसान:

नवी करीम के अलावा, पूर्वी दिल्ली के अशोक नगर इलाके से भी आंधी के कारण क्षति की सूचना मिली है। शनिवार शाम आई तेज बारिश ने नमो भारत के न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन को बुरी तरह प्रभावित किया। तेज हवाओं के कारण मेट्रो स्टेशन की छत पूरी तरह से उड़ गई और उसके टुकड़े आसपास काफी दूर तक फैल गए। इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मेट्रो स्टेशन की रखरखाव टीम मौके पर पहुंच गई और राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। स्टेशन की छत के मलबे को इकट्ठा किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर, न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन पर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज आंधी के कारण मेट्रो स्टेशन की छत पर लगा टीन का शेड उड़ गया और आसपास के लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। स्टेशन पर छत उड़ने के कारण इसे फिलहाल बंद कर दिया गया है।

अन्य इलाकों में भी गिरे पेड़:

इसके अतिरिक्त, कनॉट प्लेस इलाके में भी तेज आंधी के कारण कई पेड़ गिर गए, जिससे कुछ कारें और अन्य वाहन उनके नीचे दब गए। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शनिवार दोपहर बाद दिल्ली में लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिसके कारण अशोक नगर मेट्रो स्टेशन का शेड उखड़ गया और कई पेड़ गिर गए। मौसम विभाग ने बताया कि दोपहर 3 बजे तक शहर में लगभग 1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दिल्ली-एनसीआर के महारानी बाग, मयूर विहार, गाजियाबाद और नोएडा जैसे इलाकों में बारिश के कारण लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। वहीं, उत्तर प्रदेश के नोएडा में भी तेज हवाओं के कारण कुछ पेड़ उखड़ गए।

Leave a Comment