Home » Blogs » विश्व हाथी दिवस समारोह का आयोजन 12 अगस्त को

विश्व हाथी दिवस समारोह का आयोजन 12 अगस्त को

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, तमिलनाडु वन विभाग के साथ मिलकर 12 अगस्त को कोयंबटूर में विश्व हाथी दिवस समारोह का आयोजन करेगा। यह वार्षिक आयोजन, हाथियों के संरक्षण और उनके दीर्घकालिक अस्तित्व को सुनिश्चित करने के उपायों को मज़बूत करने की वैश्विक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

दुनिया के लगभग 60 प्रतिशत जंगली हाथियों की आबादी भारत में

भारत में हाथी गलियारों पर 2023 की रिपोर्ट के अनुसार दुनिया के लगभग 60 प्रतिशत जंगली हाथियों की आबादी भारत में ही रहती है जहां 33 हाथी अभयारण्य और 150 चिन्हित हाथी गलियारे हैं। मज़बूत कानूनी संरक्षण, सुदृढ़ संस्थागत ढांचे और व्यापक जन-समर्थन के साथ, देश को मानव कल्याण और वन्यजीव संरक्षण के बीच सामंजस्य स्थापित करने में दुनिया भर में अग्रणी माना जाता है। हाथियों को राष्ट्रीय विरासत पशु का दर्जा प्राप्त है और वे देश की परंपराओं और संस्कृति में गहराई से समाए हुए हैं।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन

इस कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री श्री कृति वर्धन सिंह और तमिलनाडु सरकार के वन एवं खादी मंत्री थिरु आर.एस. राजाकन्नप्पन भी उपस्थित रहेंगे। इसमें पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, तमिलनाडु वन विभाग, रेल मंत्रालय और अन्य राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।

अगर खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर ज़रूर करें!
0Shares
Scroll to Top