🕒 Published 1 month ago (9:42 AM)
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के अगले ही दिन टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ उत्तर प्रदेश के वृंदावन पहुंचे। मंगलवार सुबह दोनों ने प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम में दर्शन किए और करीब दो घंटे तक आश्रम में ठहरे।
सुबह 7:20 बजे आश्रम पहुंचे विराट और अनुष्का ने प्रेमानंद महाराज को दंडवत प्रणाम किया और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान महाराज ने विराट से पूछा, “प्रसन्न हो?” जिस पर कोहली मुस्कुराते हुए बोले, “हां।” महाराज ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा, “खूब आनंदित रहो, नाम जपते रहो।”
अनुष्का ने जब पूछा, “क्या नाम जप से सब कुछ पूरा हो जाएगा?” तो महाराज ने उत्तर दिया, “हां, सब कुछ पूरा होगा।” करीब सात मिनट तक दोनों ने महाराज से अकेले में बातचीत की। प्रेमानंद आश्रम की ओर से इस मुलाकात का वीडियो भी जारी किया गया है।
आश्रम में 2 घंटे 20 मिनट बिताने के दौरान विराट और अनुष्का ने वहां के कार्यों और वातावरण को भी देखा-समझा। जाते समय महाराज ने दोनों को चुनरी भेंट की और पुनः आशीर्वाद देते हुए कहा, “राधा नाम का मन लगाकर जप करो, भगवान मिल जाएंगे।”
प्रेमानंद महाराज का उपदेश
महाराज ने कहा कि वैभव मिलना पुण्य का फल है, लेकिन भगवान की कृपा का अर्थ है—अंदर का चिंतन बदलना। यही वह कृपा है, जिससे पिछले जन्मों के संस्कार भस्म होते हैं और जीवन श्रेष्ठ बनता है। उन्होंने कहा कि भगवान जब कृपा करते हैं तो पहले संत का सान्निध्य और फिर प्रतिकूलता देते हैं, जिससे व्यक्ति का मन संसार से हटकर प्रभु में लगने लगता है।
महाराज बोले, “बिना प्रतिकूलता के संसार का राग समाप्त नहीं होता। जितने भी बड़े महापुरुष हुए हैं, उन्होंने जीवन में प्रतिकूलता का अनुभव किया है। इसलिए यदि जीवन में कोई कठिनाई आए, तो समझो भगवान की कृपा हो रही है।”
उन्होंने आगे कहा, “यदि हमारी अंतिम सांस राधा नाम में जाए, तो हमें श्रीजी और भगवान की प्राप्ति निश्चित है।”
विराट का तीसरा वृंदावन दौरा
विराट कोहली का यह वृंदावन का तीसरा दौरा था। इससे पहले वह 4 जनवरी 2023 और 10 जनवरी 2025 को भी प्रेमानंद महाराज से मिलने वृंदावन आ चुके हैं। इस बार यह दौरा उनके टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के अगले ही दिन हुआ।
विराट का टेस्ट करियर
सोमवार को विराट ने टेस्ट क्रिकेट से अपने संन्यास का ऐलान किया था। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “टेस्ट क्रिकेट ने मेरी परीक्षा ली, मुझे आकार दिया, और जीवनभर याद रहने वाले पाठ सिखाए।” विराट ने अपने करियर में 123 टेस्ट मैच खेले, जिनमें 30 शतक, 31 अर्धशतक और 7 दोहरे शतक शामिल हैं। 2017 और 2018 में उन्हें ICC टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर भी चुना गया था।
प्रेमानंद महाराज का जीवन
प्रेमानंद महाराज का जन्म उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के अखरी गांव (तहसील नरवल) में हुआ। उनका बचपन का नाम अनिरुद्ध कुमार पांडेय था। वे तीन भाइयों में मंझले हैं। पिता शंभू नारायण पांडेय पुरोहित का कार्य करते थे। अनिरुद्ध बचपन से ही आध्यात्मिक प्रवृत्ति के थे। उनकी स्कूली शिक्षा 8वीं तक हुई और 9वीं में एडमिशन लेने के कुछ महीने बाद ही उन्होंने स्कूल छोड़ दिया। आज वे लाखों श्रद्धालुओं और कई नामचीन हस्तियों के गुरु हैं।