UNSC Big Meeting: UNSC में आज भारत-पाक तनाव पर अहम चर्चा, पहलगाम हमले की गूंज

By Hindustan Uday

🕒 Published 3 months ago (4:10 AM)

नई दिल्ली 5 मई 2025। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार गहराता जा रहा है। इसी पृष्ठभूमि में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) आज इस मुद्दे पर आपात बैठक कर रही है। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें बड़ी संख्या में पर्यटक शामिल थे। इसके बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और सामरिक स्तर पर तनाव और तेज हो गया है।

पाकिस्तान ने UNSC में उठाया मुद्दा

पाकिस्तान ने इस हमले के बाद भारत पर ‘आक्रामक कदमों और उकसाने वाली कार्रवाइयों’ का आरोप लगाते हुए संयुक्त राष्ट्र से हस्तक्षेप की मांग की है। इस्लामाबाद ने विशेष रूप से भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित किए जाने को अवैध करार दिया है और कहा है कि यह क्षेत्रीय स्थिरता के लिए बड़ा खतरा है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि वह इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र में प्रमुखता से उठाएगा।

UNSC अध्यक्ष का बयान

संयुक्त राष्ट्र में ग्रीस के स्थायी प्रतिनिधि और इस महीने के लिए सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष राजदूत इवेंजेलोस सेकेरिस ने स्थिति पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले की घटना अत्यंत दुखद है और हम भारत, नेपाल की सरकारों के साथ-साथ पीड़ितों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद किसी भी रूप में अस्वीकार्य है और इसे सख्ती से नकारा जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि क्षेत्र में भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ता तनाव गंभीर चिंता का विषय है।

भारत की कड़ी प्रतिक्रिया

भारत ने हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े फैसले लिए हैं। इनमें पाकिस्तानी अधिकारियों को देश से बाहर भेजना, सिंधु जल समझौते को निलंबित करना, अटारी सीमा को अस्थायी रूप से बंद करना और पाकिस्तान की फ्लाइट्स के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र को प्रतिबंधित करना शामिल है। इसके साथ ही भारत ने इस्लामाबाद के साथ सभी प्रकार के व्यापारिक संबंध भी समाप्त कर दिए हैं।

पाकिस्तान की कड़ी चेतावनी

भारत की इन कार्रवाइयों पर पाकिस्तान ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उसने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई मार्ग को बंद कर दिया है और तीसरे देशों के माध्यम से होने वाले व्यापार को भी रोकने का फैसला किया है। इसके अलावा पाकिस्तान ने यह चेतावनी भी दी है कि यदि भारत पानी की आपूर्ति को रोकने की कोशिश करता है, तो इसे युद्ध की कार्यवाही माना जाएगा।

Leave a Comment

Exit mobile version