देश के कई हिस्सों में मानसून फिर से पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में लगातार नए मौसम तंत्र विकसित होने से साउथवेस्ट मानसून को अतिरिक्त ताकत मिल रही है। इसके चलते महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात में भारी बारिश का दौर जारी है। पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी झमाझम बारिश दर्ज की गई है। दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में भी लगातार तेज वर्षा हो रही है।
विषयसूची
मुंबई और गुजरात में भारी बारिश का खतरा
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि सौराष्ट्र और कच्छ के साथ दक्षिण गुजरात के कुछ क्षेत्रों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र में भी तेज बारिश का अनुमान है। कोंकण क्षेत्र, खासकर मुंबई और गोवा में अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश होने की संभावना है।
उत्तर भारत में बरसात का असर
दिल्ली और NCR में पिछले दो दिनों से मौसम शांत है, लेकिन IMD ने इस वीकेंड भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पंजाब, मध्य प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण भूस्खलन और फ्लैश फ्लड से हालात बिगड़े हुए हैं। यहां लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है।
बिहार और पूर्वी भारत में झमाझम
बिहार में भी कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। 20 अगस्त को भी राज्य में अच्छी वर्षा दर्ज की गई थी। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी झमाझम बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है।
दिल्ली-NCR में फिर लौटेगा मानसून
‘स्काईमेट वेदर’ के अनुसार, दिल्ली-NCR में 22 से 26 अगस्त तक रुक-रुक कर मध्यम दर्जे की बारिश होगी। 23, 24 और 25 अगस्त को बारिश ज्यादा तीव्र हो सकती है, खासकर रविवार 24 अगस्त को मूसलाधार वर्षा का पूर्वानुमान है। इस महीने अब तक दिल्ली में 259.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से ज्यादा है। अगस्त के अंत तक आंकड़ा 300 मिमी के करीब पहुंचने की संभावना है। बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहाना बनेगा।
अगर खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर ज़रूर करें!

