News

HBSE 12वीं रिजल्ट 2025 घोषित: 85.66% छात्र पास, छात्राओं ने मारी बाज़ी, 10वीं का परिणाम 15 मई को

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार कुल 85.66 फीसदी परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। बोर्ड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि 10वीं का रिजल्ट 15 मई को दोपहर बाद घोषित किया जाएगा, जिसे छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर देख सकेंगे। बोर्ड अध्यक्ष प्रो. पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश कुमार और सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने संयुक्त रूप से बताया कि सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक और मुक्त विद्यालय) परीक्षा 2025 का परिणाम आज जारी कर दिया गया है। परीक्षा 27 फरवरी से शुरू होकर 29 मार्च तक चली थी, जिसमें प्रदेशभर के 1434 परीक्षा केंद्रों पर करीब 5,22,529 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। परीक्षा परिणाम का लेखा-जोखा: नियमित परीक्षार्थी (शैक्षिक): कुल 2,13,504 छात्रों ने परीक्षा दी, जिनमें से 1,82,136 पास हुए। कुल 6,169 परीक्षार्थी फेल हुए। स्वयंपाठी परीक्षार्थी: पास प्रतिशत 63.21% दर्ज किया गया। लड़कियों का प्रदर्शन: 1,05,993 छात्राओं में से 93,418 पास हुईं। पास प्रतिशत रहा 88.14% लड़कों का प्रदर्शन: 1,07,511 छात्रों में से 88,718 पास हुए। पास प्रतिशत रहा 82.52% छात्राओं ने छात्रों से 5.62% अधिक सफलता दर के साथ बाज़ी मारी है। बोर्ड की ओर से 22 जिलों में मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे, जिसमें 10वीं के 78 और 12वीं के 48 अंकन केंद्र शामिल थे। बोर्ड ने सभी सफल विद्यार्थियों को उनकी मेहनत और सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अब छात्र 10वीं के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं, जो 15 मई को जारी होंगे।