🕒 Published 9 hours ago (5:08 PM)
महाराष्ट्र | रविवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मावल तहसील के कुंडमाला स्थित पर्यटन स्थल पर इंद्रायणी नदी पर बना पुराना पैदल पुल अचानक ढह गया। हादसे के समय पुल पर भारी संख्या में पर्यटक और बच्चे मौजूद थे। 25 से 30 लोगों के बह जाने की आशंका जताई गई है, जिनमें कई छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
अब तक 6 शव बरामद, तलाश जारी
स्थानीय विधायक सुनील शेलके ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। नदी का बहाव तेज होने की वजह से राहत व बचाव कार्यों में काफी मुश्किलें आ रही हैं। NDRF, स्थानीय पुलिस, और ग्रामीण मिलकर गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं।
जर्जर पुल, सेल्फी और भारी भीड़ बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह पुल काफी पुराना और जर्जर हालत में था। रविवार की छुट्टी और भारी बारिश के बाद नदी का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान कई लोग पुल पर चढ़कर सेल्फी ले रहे थे, तभी अचानक पुल टूट गया और दर्जनों लोग नदी में गिर गए।
2022 मोरबी हादसे की यादें ताजा
यह हादसा गुजरात के मोरबी पुल हादसे की याद दिलाता है, जहां 30 अक्टूबर 2022 को एक सस्पेंशन ब्रिज गिर गया था और 135 लोगों की जान चली गई थी। उस समय भी ब्रिज की क्षमता 100 लोगों की थी, लेकिन करीब 500 लोग उस पर चढ़े थे। पुणे के हादसे में भी लापरवाही, पुरानी संरचना और प्रशासनिक चूक की झलक दिखती है।
जिम्मेदारी तय होगी?
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को पहले से चेताया गया था कि पुल जर्जर हो चुका है, लेकिन मरम्मत या सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए। अब सवाल उठता है कि क्यों इतने पुराने पुल को चालू हालत में छोड़ा गया और भीड़ नियंत्रित क्यों नहीं की गई?