🕒 Published 8 hours ago (7:57 AM)
बेंगलुरु: पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते और पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को नौकरानी से दुष्कर्म के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद शनिवार को विशेष अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने की तैयारी है। शुक्रवार को कोर्ट ने उन्हें प्रथम दृष्टया अपराधी माना था। फैसले के वक्त प्रज्वल अदालत परिसर में भावुक नजर आए और बाहर निकलते समय रो पड़े।
महिला कर्मचारी ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
मामला रेवन्ना परिवार के फार्महाउस में काम करने वाली 47 वर्षीय महिला की शिकायत से जुड़ा है। महिला ने आरोप लगाया था कि प्रज्वल ने 2021 से लेकर कई मौकों पर उसके साथ दुष्कर्म किया और चुप रहने के लिए उसे वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। यह FIR पिछले साल अप्रैल में दर्ज की गई थी।
चार अलग-अलग केस, पहला फैसला
प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ बलात्कार, अश्लीलता फैलाना, डराना-धमकाना और निजी पलों की रिकॉर्डिंग जैसे गंभीर आरोपों में चार केस दर्ज हैं। यह पहला मामला है, जिसमें कोर्ट ने उन्हें दोषी माना है। केस की अंतिम सुनवाई 18 जुलाई को पूरी हुई थी।
कर्नाटक सेक्स स्कैंडल का खुलासा
प्रज्वल का नाम कर्नाटक सेक्स स्कैंडल में 2024 में सामने आया था। आरोप था कि उन्होंने 50 से ज्यादा महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया। SIT की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ महिलाओं के साथ जबरन संबंध बनाए गए, जबकि कुछ को नौकरी और अन्य लालच देकर फंसाया गया।
प्रमुख बिंदु:
-
सोशल मीडिया पर 2,000+ आपत्तिजनक वीडियो सामने आए थे।
-
वीडियो में 22 से 61 साल की महिलाओं के साथ उत्पीड़न के दृश्य बताए गए।
-
कुछ महिलाओं को SI, तहसीलदार और अन्य पदों की नौकरी दिलवाने का झांसा दिया गया।
-
SIT ने जांच में 3,000 से 5,000 वीडियो की पेन ड्राइव की भी पुष्टि की थी।
विदेश भागने और गिरफ्तारी का घटनाक्रम
चुनाव प्रचार के दौरान प्रज्वल पर आरोप लगने शुरू हुए और 27 अप्रैल को वे देश छोड़कर जर्मनी चले गए। करीब 35 दिन बाद, 31 मई को जब वे भारत लौटे तो बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
देवगौड़ा की सख्त चेतावनी
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने 23 मई को सार्वजनिक रूप से कहा था कि अगर प्रज्वल भारत नहीं लौटे, तो परिवार उनका साथ छोड़ देगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि जांच में परिवार का कोई हस्तक्षेप नहीं होगा।
प्रज्वल का माफीनामा
विदेश में रहते हुए एक वीडियो बयान में प्रज्वल ने अपने माता-पिता, दादा, और पार्टी के लोगों से माफी मांगी थी। उन्होंने दावा किया कि उनकी विदेश यात्रा पहले से तय थी और SIT का नोटिस उन्हें बाद में मिला।