PNB Scam: 14,000 करोड़ के घोटाले का आरोपी मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार, भारत ने शुरू की प्रत्यर्पण प्रक्रिया

By Hindustan Uday

🕒 Published 4 months ago (6:12 AM)

नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले का मुख्य आरोपी और भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की अपील पर बेल्जियम पुलिस द्वारा की गई। भारत सरकार ने अब चोकसी के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी औपचारिक रूप से शुरू कर दी है।

चोकसी फिलहाल बेल्जियम की जेल में है और भारत को उसकी वापसी की उम्मीद है।

कौन है मेहुल चोकसी?
मेहुल चोकसी भारत में गीतांजलि जेम्स नाम की बड़ी ज्वेलरी रिटेल कंपनी का मालिक है, जिसकी देशभर में लगभग 4,000 स्टोर्स हैं। वह और उसका भतीजा नीरव मोदी PNB की मुंबई स्थित ब्रैडी हाउस ब्रांच में 14,000 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले के आरोपी हैं।

घोटाले का तरीका
CBI और ईडी की जांच में सामने आया कि चोकसी और नीरव मोदी ने बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग (LoU) के जरिए 2011 से 2018 के बीच विदेशी बैंकों में भारी धनराशि ट्रांसफर करवाई थी।

2018 में भारत छोड़कर भागे थे
जनवरी 2018 में चोकसी और उसका भतीजा देश छोड़कर फरार हो गए। इसके तुरंत बाद CBI ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 23 फरवरी 2018 को चोकसी का पासपोर्ट रद्द कर दिया गया। जांच में सामने आया कि कुल 13,850 करोड़ रुपये की हेराफेरी की गई थी।

कई गंभीर धाराओं में वांछित
मेहुल चोकसी भारत में आपराधिक साजिश, विश्वासघात, धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार और बेईमानी से संपत्ति हासिल करने जैसे गंभीर आरोपों में वांछित है। उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट पहले ही जारी हो चुका है।

Leave a Comment

Exit mobile version