🕒 Published 1 month ago (9:03 AM)
नई दिल्ली। त्रिनिदाद और टोबैगो के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां के भारतीय मूल के लोगों से मुलाकात करते हुए भावनात्मक संबोधन दिया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान त्रिनिदाद की प्रधानमंत्री कमला को “बक्सर की बेटी” कहकर संबोधित किया, साथ ही बिहार की गौरवशाली विरासत की भी चर्चा की।
बिहार की गौरवशाली विरासत का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि त्रिनिदाद की प्रधानमंत्री कमला जी के पूर्वज बिहार के बक्सर से संबंध रखते हैं और वे स्वयं वहां जाकर आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भारत के लोग उन्हें बिहार की बेटी मानते हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यहां बड़ी संख्या में लोग ऐसे हैं जिनकी जड़ें भारत, विशेष रूप से बिहार से जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार की धरोहर न केवल भारत की, बल्कि पूरे विश्व की धरोहर है। राजनीति, शिक्षा, कूटनीति और लोकतंत्र जैसे क्षेत्रों में बिहार ने सदियों से दुनिया को दिशा दिखाई है। प्रधानमंत्री को भरोसा है कि आने वाले वर्षों में भी बिहार की भूमि नई प्रेरणाओं और अवसरों का केंद्र बनेगी।
भारतीय प्रवासियों की संघर्षगाथा को बताया प्रेरणादायक
प्रधानमंत्री ने भारतीय मूल के समुदाय की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी जीवनयात्रा संघर्ष और साहस की मिसाल रही है। उन्होंने कहा कि जिन हालातों में भारतीय पूर्वज यहां आए, वो अत्यंत कठिन थे। लेकिन उन्होंने उन चुनौतियों को स्वीकार किया और उम्मीदों के साथ आगे बढ़े।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने गंगा-जमुना तो छोड़ी, लेकिन अपने दिल में रामायण को साथ लेकर आए। वे केवल प्रवासी नहीं थे, बल्कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता के वाहक थे, जिन्होंने त्रिनिदाद की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और आर्थिक पहचान को समृद्ध किया।
भारत-त्रिनिदाद संबंधों की मजबूती पर दिया जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने याद दिलाया कि वह 25 साल पहले भी इस भूमि पर आए थे और तब से दोनों देशों के संबंध और प्रगाढ़ हुए हैं। उन्होंने कहा कि त्रिनिदाद की सड़कों और त्योहारों में भारत की आत्मा बसती है—चाहे वह नवरात्र हो या जन्माष्टमी।
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं की आंखों में जिज्ञासा और ऊर्जा को देखकर प्रसन्नता जताई और कहा कि यह नया उत्साह दोनों देशों को और करीब लाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि भारत और त्रिनिदाद के रिश्ते केवल भूगोल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये भावनाओं और साझा विरासत से गहराई से जुड़े हुए हैं।