नई दिल्ली – अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था को मृत घोषित किए जाने के कुछ ही दिन बाद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जापान में दिग्गज कंपनियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को रेखांकित किया।
विषयसूची
भारत-जापान बिजनेस फोरम में पीएम का संबोधन
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को जापान पहुंचे और कुछ ही घंटों बाद जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ आयोजित भारत-जापान बिजनेस फोरम की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने जापानी कंपनियों को भारत को वैश्विक दक्षिण के देशों के लिए प्रवेश द्वार के रूप में इस्तेमाल करने का निमंत्रण दिया और दोनों देशों के बीच रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने का आह्वान किया।
इस सदी की तकनीक क्रांति में भारत की भूमिका
पीएम मोदी ने हाल के महीनों में किए गए बड़े सुधारों और टैक्स व्यवस्था में संभावित बदलाव का जिक्र करते हुए कहा, “इन सुधारों के पीछे हमारा उद्देश्य है विकसित भारत बनाना। हमारी प्रतिबद्धता और रणनीति स्पष्ट है।”
उन्होंने भारत की आर्थिक स्थिरता, नीतिगत पारदर्शिता और तेज विकास पर जोर देते हुए कहा कि विश्व अब केवल भारत को देख नहीं रहा, बल्कि भारत पर भरोसा कर रहा है।
जापानी निवेश और साझा अवसर
मोदी ने बताया कि जापानी कंपनियों ने भारत में 40 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है, जिसमें पिछले दो वर्षों में 13 अरब डॉलर का निजी निवेश शामिल है। उन्होंने जापानी निवेशकों के लिए पाँच प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी के अवसर सुझाए:
-
ऑटोमोबाइल क्षेत्र की सफलता को बैटरी, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, जहाज निर्माण और परमाणु ऊर्जा में दोहराना।
-
वैश्विक दक्षिण, विशेषकर अफ्रीका के विकास में योगदान।
-
मेक इन इंडिया और मेक फॉर वर्ल्ड पहल का फायदा उठाना।
-
जापानी तकनीक और भारतीय प्रतिभा के माध्यम से तकनीक क्रांति का नेतृत्व।
-
मैन्युफैक्चरिंग, टेक्नोलॉजी, ग्रीन एनर्जी, अगली पीढ़ी का इंफ्रास्ट्रक्चर और कौशल विकास में सहयोग।
रणनीतिक साझेदारी और एआई पहल
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और जापान की साझेदारी रणनीतिक और स्मार्ट है, जो आर्थिक तर्कों पर आधारित है और साझा हितों को समृद्धि में बदल रही है।
इसके अलावा, दोनों देशों ने एआई को-आपरेशन इनिशिएटिव की शुरुआत की, जिसमें बड़े भाषा मॉडल (LLM), प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और स्टार्टअप्स के लिए सहयोग शामिल है। डिजिटल साझेदारी 2.0 के लिए एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए गए और प्रधानमंत्री मोदी ने फरवरी 2026 में भारत में आयोजित होने वाले एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के लिए पीएम इशिबा को आमंत्रित किया।


