10 मिनट में 26,000 फीट नीचे गिरा जापान एयरलाइंस का विमान, 191 यात्रियों में मची चीख-पुकार..

Photo of author

By Hindustan Uday

🕒 Published 1 month ago (8:12 PM)

अहमदाबाद में हाल ही में हुए विमान हादसे के बाद दुनियाभर में फ्लाइट से सफर करने वालों में डर का माहौल बना हुआ है। इसी बीच जापान से एक और चौंकाने वाली खबर आई है। चीन से टोक्यो जा रही जापान एयरलाइंस की एक फ्लाइट उस वक्त बड़ी दुर्घटना का शिकार होते-होते बच गई जब उड़ान के दौरान उसमें तकनीकी खराबी आ गई। फ्लाइट महज 10 मिनट में 26,000 फीट नीचे गिर गई, जिससे विमान में बैठे 191 यात्रियों की सांसें अटक गईं।

हवा में फेल हुआ प्रेशर सिस्टम, मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, यह घटना उस वक्त हुई जब बोइंग 737 विमान आसमान में था और उसमें प्रेशराइजेशन सिस्टम (केबिन में हवा का दबाव बनाए रखने वाली प्रणाली) में खराबी आ गई। जैसे ही तकनीकी टीम को इस फॉल्ट की जानकारी मिली, पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और विमान को तेजी से नीचे लाना शुरू किया।

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, विमान में 191 यात्री सवार थे और क्रू मिलाकर संख्या 200 के करीब थी। अधिकतर यात्री चीन के थे और वे जापान के टोक्यो जा रहे थे। अचानक हुई इस तकनीकी समस्या से पूरा विमान दहशत के साए में आ गया।

10 मिनट में हजारों फीट नीचे आया विमान

तकनीकी खराबी के बाद विमान तेजी से 10 मिनट में 26,000 फीट नीचे आ गया। इस दौरान अंदर का माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। लोगों को लगा कि विमान क्रैश हो सकता है। कुछ यात्रियों ने आखिरी समय भगवान को याद किया, कुछ ने अपनों को मैसेज भेजना शुरू कर दिया और कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया पर लाइव पोस्ट करने लगे।

एयर होस्टेस की चेतावनी से बढ़ी दहशत

जब एयर होस्टेस ने आपात चेतावनी (वार्निंग) जारी की, तो यात्रियों में और ज्यादा घबराहट फैल गई। चारों ओर चीख-पुकार मच गई। एक यात्री ने बाद में सोशल मीडिया पर लिखा, “मेरा शरीर अब भी यहीं है लेकिन मेरे पैर कांप रहे हैं। जब आप जीवन और मृत्यु के बीच फंसते हैं, तब बाकी सब कुछ बेमानी लगने लगता है।”

सुरक्षित लैंडिंग के बाद राहत

पायलट की सूझबूझ और तकनीकी टीम के प्रयासों से विमान को सुरक्षित रूप से नीचे लाया गया और सेफ लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग के बाद फ्लाइट को लगभग 1 घंटे तक रनवे पर ही रोका गया, ताकि जांच-पड़ताल पूरी की जा सके। उसके बाद यात्रियों को सावधानीपूर्वक विमान से बाहर निकाला गया।

जापान सरकार ने दी तकनीकी खराबी की जानकारी

जापानी अधिकारियों ने इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि यह एक तकनीकी समस्या थी जिसे फ्लाइट के दौरान ही नियंत्रित कर लिया गया। पायलट्स ने तुरंत निर्णय लेकर विमान को नीचे लाने का फैसला किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

अहमदाबाद हादसे के बाद लगातार सामने आ रही घटनाएं

गौरतलब है कि भारत के अहमदाबाद में कुछ दिन पहले ही एक फ्लाइट हादसे का मामला सामने आया था, जिसने यात्रियों में भय पैदा कर दिया है। अब जापान की इस घटना ने एक बार फिर हवाई यात्रा की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, समय रहते की गई कार्रवाई से इस बार एक बड़ी त्रासदी टल गई।

Leave a Comment