🕒 Published 3 weeks ago (6:00 PM)
दिल्ली 26 मई- दक्षिण-पश्चिम मानसून ने सोमवार को समय से एक सप्ताह पहले ही भारत में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून देश के मुंबई, बंगलूरू, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में पहुंच गई है और अगले तीन दिनों में और कई भागों में दस्तक दे देगी।
IMD का भारी बारिश का रेड अलर्ट
मानसून को लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के कई तटीय जिलों — मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। पिछले दो दिनों से मुंबई और कोंकण क्षेत्र में प्री-मानसून बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो अब मानसूनी बारिश में बदल चुकी है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून की रफ्तार तेज
मानसून ने सोमवार को मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक (बंगलूरू सहित), तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में दस्तक दी। इसके अलावा, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। आईएमडी ने अनुमान लगाया है कि अगले तीन दिनों में मानसून, महाराष्ट्र और कर्नाटक के बाकी हिस्सों, बंगाल की खाड़ी के अन्य भागों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम,पूर्वोत्तर भारत के और हिस्सों में आगे बढ़ेगा।
केरल में 24 मई को ही दस्तक
इस बार मानसून ने केरल में 24 मई को ही दस्तक दे दी थी, जो सामान्य तिथि (1 जून) से एक सप्ताह पहले है। यह 2009 के बाद अब तक का सबसे जल्दी आगमन है। अगर रिकार्ड मानसून के पहले आने की बात करें तो, सबसे जल्दी मानसून तो 11 मई 1918 को ही केरल पहुंच गया था।