Home » Blogs » हरियाणा में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ा विस्तार, MBBS सीटें 2029 तक होंगी 3400 से अधिक

हरियाणा में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ा विस्तार, MBBS सीटें 2029 तक होंगी 3400 से अधिक

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को चंडीगढ़ में आयोजित डेराबस्सी मेडिकल एसोसिएशन (DMA) के कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को लेकर राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य 2029 तक प्रदेश में MBBS की सीटों की संख्या बढ़ाकर 3400 से अधिक करना है।

कार्यक्रम राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। वर्ष 2014 में जहां प्रदेश में सिर्फ 6 मेडिकल कॉलेज थे, वहीं आज इनकी संख्या बढ़कर 15 हो चुकी है। साथ ही 9 और नए कॉलेज निर्माणाधीन हैं। इसी का परिणाम है कि MBBS की सीटें 2014 में 700 से बढ़कर वर्तमान में 2,185 हो चुकी हैं।

चिकित्सा शिक्षा को लेकर बड़े कदम

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि PG सीटों की संख्या भी 289 से बढ़ाकर 1043 की गई है, साथ ही PG डिप्लोमा के लिए 155 सीटें अलग से उपलब्ध करवाई गई हैं। वर्ष 2014 से अब तक प्रदेश में 3,798 डॉक्टर्स की भर्ती की गई है और डॉक्टर्स की सेवानिवृत्ति आयु 58 से बढ़ाकर 65 वर्ष कर दी गई है। सरकार का उद्देश्य है कि हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण इलाज और हर डॉक्टर को बेहतर संसाधन मिले।

डायलिसिस और आयुष्मान भारत योजना का लाभ

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हरियाणा में सरकारी अस्पतालों और मेडिकल संस्थानों में किडनी के रोगियों को मुफ्त डायलिसिस की सुविधा दी जा रही है। साथ ही आयुष्मान भारत और चिरायु योजना के तहत करीब 1 करोड़ 33 लाख से अधिक लोगों को सालाना 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।

डॉक्टरों की सुरक्षा सर्वोपरि

डॉक्टर्स डे के अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉक्टर्स की सेवाओं की सराहना करते हुए उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में डॉक्टर्स की भूमिका अतुलनीय रही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू कानून का जिक्र करते हुए बताया कि डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ पर हमले करने वालों को अब 3 महीने से 5 साल तक की सजा और 50 हजार से 2 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

सम्मानित किए गए डॉक्टर्स

इस अवसर पर चिकित्सा सेवा में बेहतरीन कार्य करने वाले डॉक्टरों को ‘बेस्ट हेल्थकेयर अवॉर्ड्स-2025’ से सम्मानित किया गया और DMA मैगजीन के पहले संस्करण का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में चंडीगढ़ की मेयर हरप्रीत कौर बबला, DMA अध्यक्ष डॉ. राजीव गुप्ता, सचिव डॉ. आकाश गोस्वामी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अगर खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर ज़रूर करें!
0Shares
Scroll to Top