Karnataka Politics: कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन तय? भाजपा नेता आर. अशोक का बड़ा दावा, कहा- अक्टूबर या नवंबर में बदलेगा मुख्यमंत्री

Photo of author

By Isha prasad

🕒 Published 1 month ago (3:35 PM)

Karnataka Politics: कर्नाटक की राजनीति में एक बार फिर से सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्य में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर लंबे समय से जारी अटकलों के बीच अब भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि राज्य में अक्टूबर या नवंबर तक मुख्यमंत्री का चेहरा बदल दिया जाएगा। अशोक का यह बयान कांग्रेस सरकार के भीतर बढ़ती खींचतान की अटकलों को और बल दे रहा है।

आर. अशोक का दावा – “सीएम बदले जाना तय”

भाजपा नेता आर. अशोक ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन अब तय है। उनके अनुसार, भले ही मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सार्वजनिक रूप से अपने पांच साल के कार्यकाल को लेकर आश्वस्त दिखें, लेकिन हकीकत कुछ और है। अशोक ने कहा, “राज्य के सभी कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। अक्टूबर या नवंबर में निश्चित रूप से नेतृत्व बदला जाएगा।”

डीके शिवकुमार पर साधा निशाना

आर. अशोक ने उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को निशाने पर लेते हुए कहा कि वे सत्ता पर कब्जा करने के संकेत दे रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री बनने की कोशिश कर रहे हैं। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वह सार्वजनिक रूप से घोषणा करें कि सिद्धारमैया 2028 तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। अगर ऐसा होता है, तो हम इसे कांग्रेस की छठी गारंटी मान लेंगे और इस मुद्दे पर फिर कुछ नहीं कहेंगे।”

कांग्रेस को बताया ‘बंटा हुआ घर’

नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस को एक ‘बंटी हुई पार्टी’ करार देते हुए कहा कि पार्टी में अंदरखाने जबरदस्त संघर्ष चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बाहर से भले ही एकजुट दिखे, लेकिन भीतर अंदरूनी खींचतान चरम पर है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के तमाम नेता खुद को भावी मुख्यमंत्री के तौर पर देखने लगे हैं, जो इस बात का संकेत है कि सरकार की स्थिरता खतरे में है।

सीएम सिद्धारमैया की प्रतिक्रिया

भाजपा के इन दावों पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे पूरे पांच साल तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। बुधवार को उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि मैं अपना कार्यकाल पूरा करूंगा। कांग्रेस सरकार चट्टान की तरह मजबूत है और हम सभी एकजुट हैं।” जब उनसे पूछा गया कि क्या वह पांच साल तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे, तो सिद्धारमैया ने दो टूक जवाब दिया – “हां, मैं रहूंगा। आपको इस पर शक क्यों है?”

क्या फिर सियासी उठापटक की तैयारी?

आर. अशोक के इस बयान के बाद एक बार फिर यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर अंदरूनी खींचतान चल रही है? क्या डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया के बीच सत्ता को लेकर मौन संघर्ष जारी है? फिलहाल, कांग्रेस इन तमाम बातों को खारिज करते हुए एकजुटता का दावा कर रही है, लेकिन भाजपा लगातार यह मुद्दा उठाकर सरकार की स्थिरता पर सवाल खड़े कर रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में कर्नाटक की राजनीति में हलचल और तेज हो सकती है।

Leave a Comment