ISRO की ऐतिहासिक उपलब्धि: स्पेस में दो उपग्रहों की सफल डॉकिंग और पावर ट्रांसफर पूरा

Photo of author

By Rita Sharma

🕒 Published 2 months ago (11:35 AM)

Bengaluru : भारत की अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने एक और बड़ी सफलता अपने नाम की है। रविवार देर रात इसरो ने स्पेस डॉकिंग एक्सपेरीमेंट (स्पैडएक्स) के तहत दो उपग्रहों – चेजर और टारगेट – को अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक डॉक कर दिया। यह उपलब्धि भारत के अंतरिक्ष अभियानों के लिए एक मील का पत्थर साबित हो सकती है।

इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने इसे एक “महत्वपूर्ण उपलब्धि” बताते हुए कहा कि उनकी टीम ने डॉकिंग को बेहद सुगमता से अंजाम दिया, जैसे यह बच्चों का खेल हो। उन्होंने यह भी बताया कि आगे की तकनीकी गतिविधियों की योजना बनाई जा रही है।

पावर ट्रांसफर भी हुआ सफल
डॉकिंग के बाद इसरो ने सोमवार रात को यह जानकारी दी कि दोनों उपग्रहों के बीच पावर ट्रांसफर भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। रविवार रात 8:20 बजे दूसरी डॉकिंग के बाद 21 अप्रैल को उपग्रह-2 से उपग्रह-1 और फिर विपरीत दिशा में बिजली का हस्तांतरण किया गया।

तकनीकी प्रदर्शन रहा शानदार
प्रयोग के दौरान उपग्रह के हीटर तत्व को दूसरे उपग्रह की बिजली से चलाया गया। यह पावर ट्रांसफर करीब 4 मिनट चला और सिस्टम ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन किया। पहली डॉकिंग 3 मीटर की दूरी पर मैन्युअल होल्ड प्वाइंट के साथ की गई थी, जबकि दूसरी बार 15 मीटर की दूरी से पूरी प्रक्रिया पूर्ण रूप से स्वायत्त रही।

इस सफलता से इसरो को भविष्य के स्पेस मिशनों के लिए जरूरी तकनीकी अनुभव और आंकड़े प्राप्त होंगे, जिससे वह इंटरनेशनल स्पेस मिशन के क्षेत्र में और मजबूती से आगे बढ़ सकेगा।

Leave a Comment