रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की सेनाएं अब हर चुनौती का सटीक और मजबूत जवाब देने में सक्षम हैं। उन्होंने हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए बताया कि यह ऑपरेशन नए भारत की ताकत और संकल्प का प्रतीक है> राजनाथ सिंह ने कहा कि “पहलगाम हमले के आतंकियों को हमारे जवानों ने उनका धर्म नहीं बल्कि उनका कर्म देखकर मारा। ऑपरेशन सिंदूर में हमारी सेनाओं ने तय लक्ष्य पर सटीक हमला किया और पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। इस अभियान में सीमावर्ती इलाकों के लोगों ने भी पूरा सहयोग दिया।”राजनाथ सिंह जोधपुर में रक्षा एवं खेल अकादमी के उद्घाटन समारोह के दौरान बोल रहे थे।
विषयसूची
भारत ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के सिद्धांत पर चलता है
रक्षा मंत्री ने कहा कि रक्षा, शिक्षा और खेल – ये तीनों स्तंभ मिलकर एक सुरक्षित और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं। शिक्षा ज्ञान देती है, रक्षा सुरक्षा सुनिश्चित करती है और खेल अनुशासन व दृढ़ता सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के सिद्धांत पर चलता है और पूरे विश्व को परिवार मानता है।
“राष्ट्र की सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी”
राजनाथ सिंह ने आतंकवाद पर भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा – “आतंकवादी धर्म पूछकर लोगों को मारते हैं, लेकिन हमारे जवान केवल कर्म देखकर आतंकियों का अंत करते हैं।” साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्र की सुरक्षा केवल सरकार या सेना की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। रक्षा मंत्री ने कहा कि दृढ़ता, अनुशासन, धैर्य और संकल्प जैसे गुण सैनिक और खिलाड़ी दोनों के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि रक्षा, शिक्षा और खेल के संगम से निकलने वाले युवा आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करेंगे।
अगर खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर ज़रूर करें!

