COVID-19 : क्या भारत में आ रही कोरोना की तीसरी लहर ? देश में लगातार बढ़ रहे मरीजों के आंकड़े

By Hindustan Uday

🕒 Published 2 months ago (3:03 PM)

देश में एक बार फिर कोरोना वायरस ने रफ्तार पकड़ ली है। बीते 24 घंटे में कोरोना के चलते 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 3,783 हो गई है। चिंताजनक बात यह है कि बेंगलुरु में एक 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत वैक्सीन के तीनों डोज लेने के बावजूद हो गई।

जनवरी से अब तक 28 मौतें
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी 2025 से अब तक कुल 28 मौतें कोरोना संक्रमण से हो चुकी हैं, जिनमें से 21 मौतें बीते दो दिनों में दर्ज की गई हैं। शनिवार को बेंगलुरु में एक बुजुर्ग की मौत के बाद हड़कंप मच गया, जिसे दोनों डोज और बूस्टर डोज दी गई थी। महाराष्ट्र और केरल में सबसे ज्यादा 7-7 लोगों की मौतें हुई हैं। वहीं, केरल में 24 वर्षीय युवती की मौत ने युवा वर्ग में भी चिंता बढ़ा दी है।

केरल बना कोरोना हॉटस्पॉट
केरल में सबसे ज्यादा 1,400 एक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र में 485, दिल्ली में 436 और गुजरात में 320 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल (287), कर्नाटक (238), तमिलनाडु (199), और उत्तर प्रदेश (149) में भी केस तेजी से बढ़ रहे हैं।

48 घंटे में 1,000 से ज्यादा नए मरीज
बीते 48 घंटों में 1,000 से ज्यादा नए कोरोना केस सामने आए हैं। शनिवार को अकेले 685 नए मामले दर्ज किए गए थे, जिससे एक्टिव केसों की संख्या 3,000 के पार पहुंच गई थी।

राज्यवार 24 घंटे में नए कोरोना केस

राज्य नए केस
पश्चिम बंगाल 82
केरल 64
दिल्ली 61
गुजरात 55
उत्तर प्रदेश 32
महाराष्ट्र 18
तमिलनाडु 14
आंध्र प्रदेश 6
कर्नाटक 4
हरियाणा 4
मध्य प्रदेश 3
असम 3
सिक्किम 3
ओडिशा 2
गोवा 2
राजस्थान 2
पंजाब 1
उत्तराखंड 1

 

कर्नाटक सरकार की एडवाइजरी जारी
कोरोना मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें नागरिकों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, शारीरिक दूरी बनाए रखने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। बुखार, खांसी, सांस की तकलीफ होने पर तुरंत जांच कराने की अपील की गई है।

महाराष्ट्र में 9,500 से ज्यादा कोविड टेस्ट
महाराष्ट्र सरकार के अनुसार, राज्य में जनवरी 2025 से अब तक 9,592 कोविड टेस्ट किए गए हैं। मुंबई में अब तक कुल 749 कोरोना केस दर्ज हुए हैं।

ICMR की सलाह: घबराएं नहीं, सतर्क रहें
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक डॉ. राजीव बेहल ने कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि जीनोम सीक्वेंसिंग में सामने आए वेरिएंट गंभीर नहीं हैं। देश में पाए गए वेरिएंट ओमिक्रॉन के सबवेरिएंट्स LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1 हैं, जिनमें से अधिकांश मामले पहले तीन सबवेरिएंट्स से जुड़े हैं।

Leave a Comment

Exit mobile version