महाभारत नगरी ‘कुरुक्षेत्र’ को मिलेगा नया लुक! सीएम सैनी का बड़ा ऐलान – चौराहे और द्वार होंगे धर्मयुद्ध की थीम पर

Photo of author

By Hindustan Uday

🕒 Published 1 month ago (10:16 PM)

कुरुक्षेत्र: बुधवार को हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय की अध्यक्षता में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की 82वीं बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे। बैठक में कुरुक्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक और भौतिक विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान मिले और यहां आने वाला हर व्यक्ति यह महसूस करे कि वह महाभारत की ऐतिहासिक और पवित्र भूमि पर आया है।

शहर की साफ-सफाई और परिवहन व्यवस्था होगी सशक्त

बैठक में पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर की साफ-सफाई, सरोवरों के रखरखाव, नवीनीकरण और ट्रांसपोर्टेशन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। मेला क्षेत्र के विकास और चल रहे प्रोजेक्ट्स की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने शहर के प्रमुख चौकों और प्रवेश द्वारों को महाभारत थीम पर आधारित स्वरूप देने की बात कही। साथ ही, ज्योतिसर मार्ग पर स्थापित सुदर्शन चक्र को दोबारा भव्य रूप में बनाने के आदेश दिए गए।

भव्य प्रतिमा और हरियाली से सजेगा तीर्थ क्षेत्र

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ज्योतिसर तीर्थ परिसर के आसपास हरियाली बढ़ाई जाएगी और लाइटिंग की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। भगवान श्रीकृष्ण की एक भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। ब्रह्मसरोवर के प्रवेश द्वार का नामकरण करने और शहर भर में पेंटिंग व रेलवे ब्रिज के पास धार्मिक श्लोक लिखवाने को लेकर भी चर्चा हुई।

इलेक्ट्रिक बसों से जुड़ेगा 48 कोस तीर्थ सर्किट

बैठक में कुरुक्षेत्र में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने का भी निर्णय लिया गया। इन बसों में यात्रियों की सुविधा के लिए रूट मैप लगाए जाएंगे और डेली वेज पास की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। यह बसें कुरुक्षेत्र के 48 कोस क्षेत्र में स्थित प्रमुख तीर्थ स्थलों को आपस में जोड़ेंगी, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में सहूलियत मिलेगी।

Leave a Comment