🕒 Published 1 month ago (9:17 AM)
International Yoga Day 2025: हरियाणा के पौराणिक नगर कुरुक्षेत्र में इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन ऐतिहासिक बन गया। ब्रह्मसरोवर परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय इस कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों ने एक साथ योग करके विश्व रिकॉर्ड बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया। सुबह 5 बजे शुरू हुए इस आयोजन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि योगाभ्यास योग गुरु स्वामी रामदेव के नेतृत्व में हुआ।
कार्यक्रम की थीम ‘योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ रखी गई, जिसके जरिए योग को केवल स्वास्थ्य तक सीमित न रखकर पर्यावरण और सामूहिक जीवन से भी जोड़ने का संदेश दिया गया। इस मौके पर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, आचार्य बालकृष्ण, आयुष मंत्री कुमारी आरती राव, और सांसद नवीन जिंदल जैसे कई गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं: 100 नई योगशालाएं, योग रिसर्च को बढ़ावा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योग दिवस के मौके पर प्रदेशवासियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि राज्य में 100 नई योग और व्यायामशालाएं खोली जाएंगी, ताकि आम लोग अपने नजदीकी स्थानों पर योग कर सकें। इसके साथ ही ‘योग लेखक प्रोत्साहन योजना’ शुरू की जाएगी, जिसके तहत हर साल उत्कृष्ट योग लेखकों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि स्कूलों में योग प्रदर्शन को क्रेडिट प्रणाली से जोड़ा जाएगा और कॉलेज-विश्वविद्यालयों में योग को औपचारिक पाठ्यक्रम के रूप में शुरू किया जाएगा। इसके अतिरिक्त श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में एक अंतरराष्ट्रीय ध्यान केंद्र का निर्माण होगा।
खेल और सरकारी कार्यालयों में भी योग को मिलेगा स्थान
मुख्यमंत्री ने बताया कि योग को खेल के रूप में भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए खेल विभाग में 40 योग शिक्षकों की भर्ती की जाएगी और अनुभवी कोचों की नियुक्ति भी की जाएगी। सरकारी कार्यालयों में ‘वाइब्रेट’ नामक योजना के तहत हर दिन पांच मिनट का योग अभ्यास अनिवार्य किया जाएगा, ताकि कर्मचारी तनावमुक्त रह सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा, “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह एक संयमित और संतुलित जीवन शैली की कुंजी है। आज पूरा विश्व योग को अपना चुका है, और इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है।”
ब्रह्मसरोवर बना योग की ऊर्जा का केंद्र
इस आयोजन के लिए कुरुक्षेत्र प्रशासन ने 100 सेक्टर बनाए, जिसमें हर सेक्टर में 1000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई। प्रशासन ने 25 हजार प्रतिभागियों को योगा मैट भी वितरित किए। पहले यह संख्या 10 हजार तय थी, लेकिन मुख्यमंत्री के निर्देश पर इसे बढ़ाया गया।
उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि इस आयोजन के लिए 9.90 लाख लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया। सुरक्षा और ट्रैफिक की दृष्टि से 19 और 20 जून को ब्रह्मसरोवर में स्नान पर रोक लगाई गई थी और भारी वाहनों की एंट्री 21 जून को प्रतिबंधित रही। ट्रैफिक के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए।
स्कूली बच्चों की भागीदारी ने बढ़ाई शोभा
इस भव्य आयोजन में 40 हजार स्कूली बच्चों ने भाग लिया, जिससे कार्यक्रम और अधिक प्रेरणादायक बन गया। बच्चों के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों को योग दिवस की टी-शर्ट, औषधीय पौधा और रिफ्रेशमेंट भी वितरित किया गया।
रेवाड़ी में भी योग दिवस की धूम
रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने दीप प्रज्वलित कर की। सूचना, जनसंपर्क और भाषा विभाग द्वारा तैयार विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने योग को आत्मिक बल और अनुशासन का प्रतीक बताया।