🕒 Published 2 months ago (10:34 AM)
मेरठ के ब्रह्मपुरी इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के नाम पर एक युवक के साथ बड़ा धोखा किया गया। 22 वर्षीय मोहम्मद अज़ीम ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी शामली निवासी 21 वर्षीय मंताशा से तय हुई थी, लेकिन निकाह के वक्त उसके साथ उसकी होने वाली दुल्हन की मां से शादी करवा दी गई।
अज़ीम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि यह रिश्ता उसके बड़े भाई नदीम और भाभी शाइदा ने तय कराया था। शादी 31 मार्च को हुई, लेकिन निकाह के वक्त मौलवी ने दुल्हन का नाम ‘ताहिरा’ लिया, जिससे अज़ीम को शक हुआ। निकाह के बाद जब घूंघट उठा, तो उसके सामने 45 साल की विधवा महिला थी, जो मंताशा की मां ताहिरा निकली।
अज़ीम का दावा है कि इस शादी में 5 लाख रुपये का लेन-देन भी हुआ था। जब उसने इस धोखे का विरोध किया, तो उसके अपने ही भाई-भाभी ने उसे बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
इस धोखाधड़ी के बाद अज़ीम ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया और गुरुवार को ब्रह्मपुरी थाने में मामला दर्ज कराया गया। इस मामले की जांच सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने की। हालांकि अब दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है और अज़ीम ने अपनी शिकायत वापस ले ली है। उसने कहा है कि वह इस मामले को अब आगे नहीं बढ़ाना चाहता।