🕒 Published 1 month ago (6:10 AM)
दिल्ली 3 मई 2025। गोवा के शिरगांव गांव में आयोजित लैराई जात्रा के मौके पर रविवार को एक भीषण भगदड़ मच गई, जिसमें अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह भगदड़ देवी लैराई के मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान अचानक भीड़ के बेकाबू हो जाने से हुई।
प्रशासन के प्रयासों के बावजूद नहीं टल पाया हादसा
घटना के समय पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ ड्रोन की मदद भी ली जा रही थी। बावजूद इसके, भीड़ की अचानक बढ़ती संख्या के चलते भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घायलों का इलाज जारी, कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल भगदड़ के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी चल रही है।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने जताया शोक
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन पर इस घटना की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हर जरूरी सहायता देने की पेशकश की।
क्या है लैराई जात्रा?
लैराई जात्रा गोवा के शिरगांव में हर साल आयोजित होने वाला एक पारंपरिक धार्मिक आयोजन है। इस दिन देवी लैराई के मंदिर को विशेष रूप से सजाया जाता है और भक्त बड़ी संख्या में प्रार्थना करने पहुंचते हैं। खासतौर पर मोगरा के फूलों की माला देवी को अर्पित की जाती है, जिसे वह प्रिय मानी जाती हैं। बहुत से श्रद्धालु इस दिन उपवास भी करते हैं और विशेष पूजा में भाग लेते हैं।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे गोवा को झकझोर कर रख दिया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन कैसे इस मामले की जांच करता है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से कैसे बचा जा सकता है।