Home » Blogs » एक और देश में GenZ Protest से तख्तापलट: राष्ट्रपति देश छोड़कर भागे

एक और देश में GenZ Protest से तख्तापलट: राष्ट्रपति देश छोड़कर भागे

नेपाल के बाद अब अफ्रीकी देश मेडागास्कर में भी GenZ प्रोटेस्ट से सत्ता पलट गई। सेना ने प्रदर्शनकारियों का साथ देते हुए राष्ट्रपति एंड्री राजोएलिना का समर्थन वापस ले लिया।

नेपाल के बाद अब अफ्रीकी देश मेडागास्कर (Madagascar) में भी GenZ Protest की वजह से तख्तापलट (Coup) हो गया है। विपक्षी दल का दावा है कि राष्ट्रपति एंड्री राजोएलिना (Andry Rajoelina) देश छोड़कर फरार हो गए हैं। विपक्षी नेता सिटेनी रंद्रियाना सोलोनिको (Siteny Randriana Soloniko) ने बताया कि सेना के प्रदर्शनकारियों को समर्थन देने के बाद राष्ट्रपति रविवार को देश से भाग गए। फिलहाल उनके ठिकाने की कोई जानकारी नहीं है।

आंदोलन 25 सितंबर से शुरू हो गया था

25 सितंबर से शुरू हुआ यह आंदोलन पानी और बिजली की कमी (Water and Power Crisis) को लेकर था। धीरे-धीरे यह जन आंदोलन में बदल गया और राजधानी एंटानानारिवो (Antananarivo) में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। राष्ट्रपति राजोएलिना ने रविवार को फ्रांसीसी सैन्य विमान (French Military Plane) से देश छोड़ दिया।  हालात तब बिगड़े जब राजोएलिना को अपनी ही सेना की सबसे ताकतवर यूनिट CAPSAT (Special Army Unit) का समर्थन खोना पड़ा। यही यूनिट 2009 में हुए पिछले तख्तापलट में उन्हें सत्ता में लाई थी। इस बार वही CAPSAT प्रदर्शनकारियों के साथ खड़ी हो गई। सैनिकों ने प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने से इनकार करते हुए उनकी सुरक्षा करनी शुरू कर दी।

General Demosthene Piculus  नये सेना प्रमुख

इसके बाद CAPSAT ने खुद को सेना का नया नेतृत्व घोषित कर दिया और जनरल डेमोस्थीन पिकुलस (General Demosthene Piculus) को नया सेना प्रमुख नियुक्त कर दिया। रक्षा मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल साहिवेलो लाला मोन्जा डेल्फिन (Lt. Gen. Sahivelo Lala Monja Delfin) ने इसे मंजूरी दे दी। स्थिति और गंभीर तब हुई जब जेंडरमेरी (Gendarmerie) के कुछ हिस्सों ने भी प्रदर्शनकारियों का साथ दे दिया। उन्होंने औपचारिक रूप से सरकार के खिलाफ विद्रोह का ऐलान कर दिया। इन प्रदर्शनों में अब तक 22 लोगों की मौत और कई घायल हो चुके हैं। सरकार ने राजधानी एंटानानारिवो और अन्य शहरों में कर्फ्यू लागू किया हुआ है। GenZ प्रदर्शनकारियों ने सोशल मीडिया और इंटरनेट के जरिए लामबंदी की, और उन्होंने कहा कि वे नेपाल और श्रीलंका के जनआंदोलनों से प्रेरित हैं।

1960 में मिली आजादी, 4 बार हो चुका तख्तापलट

फ्रांस से 1960 में आजादी मिलने के बाद मेडागास्कर में लोकतंत्र कमजोर रहा है। अब तक यहां 4 बार तख्तापलट हो चुके हैं। सेना और सरकार के बीच टकराव आम बात रही है। देश की 3 करोड़ आबादी में ज्यादातर लोग गरीबी में जी रहे हैं। औसत उम्र 20 वर्ष से भी कम है।

भारत के लिए मेडागास्कर क्यों खास है Why Madagascar Matters to India

  1. सामरिक स्थिति (Strategic Location): हिंद महासागर में भारत के समुद्री व्यापार मार्गों के लिए बेहद अहम।
  2. प्राकृतिक संसाधन (Natural Resources): ग्रेफाइट, निकल, कोबाल्ट जैसे खनिज भारत की इंडस्ट्री के लिए उपयोगी।
  3. व्यापारिक संबंध (Trade Relations): भारत और मेडागास्कर के बीच कृषि, ऊर्जा और आईटी क्षेत्र में बढ़ता निवेश।
  4. सांस्कृतिक जुड़ाव (Cultural Ties): भारतीय मूल के लोगों की मौजूदगी और ऐतिहासिक संबंध।
  5. जैव विविधता (Biodiversity): लेमर और दुर्लभ पौधों के कारण वैज्ञानिक शोध और पर्यावरण सहयोग के अवसर।
  6. सुरक्षा सहयोग (Security Cooperation): भारत और मेडागास्कर समुद्री डकैती और हिंद महासागर में स्थिरता बनाए रखने में साझेदार हैं।

अगर खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर ज़रूर करें!
0Shares
Scroll to Top