🕒 Published 17 hours ago (6:04 PM)
चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए पार्टी हाईकमान ने राज्य के विभिन्न जिलों में महिला जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां कर दी हैं। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा द्वारा जारी की गई इस नई सूची में कई जिलों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है।
यह नियुक्तियां हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुधा भारद्वाज को निर्देश के रूप में भेजी गई हैं, ताकि महिला मोर्चे को ज़मीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके।
सोनीपत और रोहतक को नई टीम
नई लिस्ट के अनुसार नीलम बाल्यान को सोनीपत से प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि रेखा मलिक को प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी मिली है। डॉ. पूनम दहिया को सोनीपत (शहरी) का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं रोहतक से राज दुलारी को प्रदेश सचिव का कार्यभार सौंपा गया है।
फरीदाबाद, पंचकूला, रेवाड़ी और गुरुग्राम में भी नई नियुक्तियां
फरीदाबाद से प्रियंका अग्रवाल को प्रदेश उपाध्यक्ष का पद मिला है।
पंचकूला जिले में महिला कांग्रेस का नेतृत्व दो हिस्सों में बांटा गया है – शहरी क्षेत्र की कमान सुनीता मान को और ग्रामीण क्षेत्र की कमान मुनीर बेगम को दी गई है।
रेवाड़ी से पूजा शर्मा और गुरुग्राम से सीमा को जिलाध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है।
हिसार, सिरसा और पलवल में भी बदलाव
हिसार (शहरी) से मनु अग्रवाल को महिला जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
सिरसा जिले से कृष्णा फोगाट और पलवल से सविता चौधरी को महिला जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
इस आदेश की प्रति कांग्रेस अध्यक्ष, संगठन महासचिव, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और अन्य संबंधित पदाधिकारियों को भी भेजी गई है।
महिला कांग्रेस में यह नई नियुक्तियां संगठन को जिला स्तर पर अधिक सक्रिय और प्रभावशाली बनाने की दिशा में मानी जा रही हैं। इससे आगामी चुनावों में महिला मतदाताओं से जुड़ाव बढ़ाने में भी पार्टी को लाभ मिल सकता है।