🕒 Published 1 month ago (12:29 PM)
IND-W vs SL-W Final: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने श्रीलंका के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज़ के फाइनल मुकाबले में ऐतिहासिक पारी खेलते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रविवार को कोलंबो में खेले गए इस अहम मुकाबले में मंधाना ने 101 गेंदों में 116 रन की लाजवाब पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
इस शतकीय पारी के साथ ही मंधाना वनडे क्रिकेट में 11 शतक लगाने वाली दुनिया की तीसरी महिला बल्लेबाज़ बन गई हैं। इस सूची में उनसे ऊपर सिर्फ ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग (15 शतक) और न्यूज़ीलैंड की सुज़ी बेट्स (13 शतक) हैं।
वनडे में सबसे ज़्यादा शतक लगाने वाली महिला खिलाड़ी:
रैंक | खिलाड़ी | देश | मैच | शतक |
---|---|---|---|---|
1 | मेग लैनिंग | ऑस्ट्रेलिया | 103 | 15 |
2 | सुज़ी बेट्स | न्यूज़ीलैंड | 171 | 13 |
3 | स्मृति मंधाना | भारत | 116* | 11 |
4 | टैमी ब्यूमोंट | इंग्लैंड | 127 | 10 |
5 | हेली मैथ्यूज़ | वेस्टइंडीज़ | 95 | 9 |
मंधाना का भारतीय क्रिकेट में दबदबा
वनडे क्रिकेट में 11 शतक लगाने वाली मंधाना पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बन चुकी हैं। उनसे पहले भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड मिताली राज के नाम था, जिनके नाम 6 शतक दर्ज हैं। मंधाना की यह उपलब्धि उनकी निरंतरता और आक्रामक शैली का प्रमाण है।
छक्कों में भी मंधाना सबसे आगे
सिर्फ शतक ही नहीं, मंधाना वनडे इंटरनेशनल में छक्के जड़ने के मामले में भी टॉप पर हैं। उनके नाम अब तक 54 छक्के हैं, जबकि हरमनप्रीत कौर 52 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। ऋचा घोष 20 छक्कों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। पिछले 20 मैचों में मंधाना ने 6 शतक और 5 अर्धशतक जमाए हैं। कुल मिलाकर वह अब तक 102 वनडे में 4461 रन बना चुकी हैं।
भारत ने रचा फाइनल में बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड
इस मैच में सिर्फ मंधाना ही नहीं, बल्कि पूरी भारतीय टीम ने कमाल कर दिखाया। भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 342 रन बनाए। यह महिला वनडे टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में बना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2022 महिला वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 356/5 रन बनाए थे।
श्रीलंका को मिला 343 रन का विशाल लक्ष्य
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत की शुरुआत सधी हुई रही। मंधाना और प्रतिका रावल ने पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़े। इसके बाद मंधाना ने हरलीन देओल (47 रन) के साथ 120 रन की साझेदारी निभाई। इसके अलावा हरमनप्रीत कौर (41 रन) और जेमिमा रोड्रिग्स (44 रन) ने भी उपयोगी योगदान दिया, जिससे भारत ने 342 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।