पटना। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी उठापटक तेज़ हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) को एक और बड़ा झटका लगा है। पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने पार्टी छोड़ दी है और अब वे राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में शामिल हो गए हैं। माना जा रहा है कि पार्टी में लगातार अनदेखी और टिकट वितरण में उपेक्षा से नाराज़ होकर उन्होंने यह फैसला लिया।
विषयसूची
सीमांचल की राजनीति में बड़ा असर
संतोष कुशवाहा का सीमांचल क्षेत्र में मजबूत जनाधार माना जाता है। दो बार (2014 और 2019) पूर्णिया से जेडीयू के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। हालांकि 2024 के आम चुनाव में उन्हें पप्पू यादव से शिकस्त मिली थी। उनकी आरजेडी में एंट्री को कुशवाहा समाज के वोटों को साधने की रणनीति माना जा रहा है।
धमदाहा से चुनाव लड़ने की संभावना
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि संतोष कुशवाहा धमदाहा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं, जहां से वर्तमान में जेडीयू की वरिष्ठ नेता और मंत्री लेशी सिंह विधायक हैं। अगर ऐसा होता है, तो धमदाहा सीट पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।
अजय कुशवाहा भी हो सकते हैं शामिल
इसके अलावा एलजेपी (रामविलास) के नेता अजय कुशवाहा के भी आरजेडी में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। उन्हें वैशाली विधानसभा सीट से टिकट मिल सकता है। इन दोनों नेताओं की एंट्री से आरजेडी को कुशवाहा समाज में बड़ी मजबूती मिल सकती है।
चुनाव की तारीखें घोषित
बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे — पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा 11 नवंबर को होगा। परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। एनडीए की ओर से प्रत्याशियों की पहली सूची 13 अक्टूबर को जारी की जा सकती है। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
अगर खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर ज़रूर करें!

