महाराष्ट्र की राजनीति में इस समय सियासी गर्मी तेज है। शिवसेना (यूबीटी) और शिंदे गुट के बीच बयानबाजी जारी है। इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। राउत ने कहा कि अमित शाह के सत्ता में आने के बाद “रावणों की संख्या लगातार बढ़ी है” और सच बोलने वालों की आवाज़ कम हो गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 साल में महाराष्ट्र में इतने रावण पैदा हो गए हैं कि अगर एक को मारोगे तो 10 और खड़े हो जाएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा – “जबसे शाह की सत्ता में है, तबसे राम का राज्य खत्म हो गया है। राम का नाम और विचार मिटते जा रहे हैं।”
विषयसूची
राहुल गांधी जलाएंगे दिल्ली का रावण – राउत
संजय राउत ने दशहरे से जोड़ते हुए कहा कि महाराष्ट्र की सरकार में कई रावण बैठे हैं। उन्होंने कहा – “दिल्ली का रावण राहुल गांधी के हाथों ही जलेगा। उनके हाथ में मशाल है और वही उसे जलाएंगे।” बारिश का जिक्र करते हुए राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में दशहरे के दिन बारिश होने के कारण लोग सोच रहे थे कि रावण दहन कैसे होगा। इस पर उन्होंने कहा – “अगर जलाना मुश्किल है तो रावण को डुबा दीजिए, क्योंकि यहां रावणों की भरमार है।”
लगातार बीजेपी और शिंदे गुट पर हमलावर
संजय राउत बीते कुछ दिनों से बीजेपी और शिंदे शिवसेना पर हमलावर हैं। उन्होंने कहा था कि दशहरे पर महाराष्ट्र में केवल दो बड़ी रैलियां होती हैं – एक आरएसएस की और दूसरी शिवसेना की। बाकी कुछ मायने नहीं रखता। उनके इस ताज़ा बयान से साफ है कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की सियासत और ज्यादा गरमाने वाली है।
अगर खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर ज़रूर करें!

