असम. असम में रविवार 14 सितंबर 2025 को आए 5.9 तीव्रता के भूकंप ने राजधानी गुवाहाटी सहित कई इलाकों में लोगों को दहशत में डाल दिया। भूकंप के झटकों के बाद लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
लोगों ने बताए डरावने पल
भूकंप का केंद्र उदलगुरी जिला बताया गया, जिसकी गहराई करीब 5 किलोमीटर थी। झटके शाम 4 बजकर 41 मिनट पर महसूस किए गए। गुवाहाटी निवासी अनीत गोस्वामी ने बताया कि शुरुआत में झटके हल्के लगे, लेकिन कुछ ही सेकंड में वह तेज हो गए। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे छत कभी भी गिर सकती है। सोशल मीडिया पर भी कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया साझा की। एक यूजर ने लिखा कि भूकंप इतना तेज था कि उनके पैरों में अब भी कांप महसूस हो रही है।
असम संवेदनशील इलाका
गौरतलब है कि असम और पूर्वोत्तर का क्षेत्र भूकंप की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है। यह इलाका पूर्वी हिमालय की उस रेखा पर स्थित है, जहां यूरेशियन और सुंडा प्लेटें टकराती हैं। कुछ दिन पहले ही सोनितपुर जिले में 3.2 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया था।
किसी नुकसान की खबर नहीं
अधिकारियों ने जानकारी दी कि भूकंप से अब तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं।
नेताओं की प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री और असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भूकंप की घटना के बाद निवासियों की सुरक्षा की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि असम के लोगों की सुरक्षा और स्वस्थ जीवन के लिए वे प्रार्थना करते हैं और सभी से सावधानी बरतने की अपील की।
अगर खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर ज़रूर करें!

