नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार से लगातार रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज के लिए भी चेतावनी जारी की है। ऐसे में अगर आप घर से बाहर निकलने की सोच रहे हैं तो मौसम का हाल जरूर जान लें, वरना आपको दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है।
दिल्ली का मौसम
राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के चलते ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। Accu Weather के अनुसार, आज भी बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की उम्मीद है। बाहर निकलने से पहले छाता या रेनकोट साथ रखना बेहतर होगा।
यमुना नदी का जलस्तर और लोहा पुल बंद
लगातार बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि 2 सितंबर शाम 4 बजे से लोहा पुल पर यातायात और आम लोगों की आवाजाही रोक दी जाएगी।
नोएडा और गाजियाबाद का मौसम
नोएडा में भी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रह सकता है। रात में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होगी।
गाजियाबाद में आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है। यहां रुक-रुककर बारिश जारी रहेगी।
गुरुग्राम और फरीदाबाद का हाल
गुरुग्राम में भारी बारिश के चलते रेड अलर्ट घोषित किया गया है। सुबह से ही मूसलाधार बारिश और घने बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहेगा। देर रात भी हल्की बारिश हो सकती है।
फरीदाबाद में ऑरेंज अलर्ट लागू है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है। दिनभर बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर तेज बारिश देखने को मिलेगी।


