Home » Blogs » ऐतिहासिक 15 अगस्त: लाल किले से 12वीं बार पीएम मोदी का संबोधन, टूटेगा इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड

ऐतिहासिक 15 अगस्त: लाल किले से 12वीं बार पीएम मोदी का संबोधन, टूटेगा इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड

आज का दिन भारतीय इतिहास में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब लाल किले की प्राचीर से अपना 12वां स्वतंत्रता दिवस भाषण देंगे, तो वह इंदिरा गांधी का लगातार 11 बार भाषण देने का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। इस तरह पीएम मोदी देश के दूसरे प्रधानमंत्री बन जाएंगे जिन्होंने लगातार 12 बार लाल किले से संबोधन किया।

रिकॉर्ड की बात करें तो लाल किले पर सबसे अधिक बार तिरंगा फहराने में पहला स्थान जवाहरलाल नेहरू का है, जिन्होंने 17 बार यह सम्मान पाया। उनके बाद इंदिरा गांधी 16 बार और अब पीएम मोदी 12 बार के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

इंदिरा गांधी का लाल किले से जुड़ा रिकॉर्ड

इंदिरा गांधी ने जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक लगातार 11 बार लाल किले से तिरंगा फहराया और भाषण दिया। फिर जनवरी 1980 से अक्टूबर 1984 तक के कार्यकाल को जोड़ने पर यह आंकड़ा 16 तक पहुंचा। पीएम मोदी लगातार 12 बार भाषण देकर इस मामले में नेहरू के बाद दूसरे स्थान पर होंगे।

15 अगस्त को किस प्रधानमंत्री ने कितनी बार तिरंगा फहराया

  • जवाहरलाल नेहरू – 17 बार

  • इंदिरा गांधी – 16 बार

  • मनमोहन सिंह – 10 बार

  • अटल बिहारी वाजपेयी – 6 बार

  • राजीव गांधी – 5 बार

  • पी.वी. नरसिम्हा राव – 5 बार

  • लाल बहादुर शास्त्री – 2 बार

  • मोरारजी देसाई – 2 बार

  • चौधरी चरण सिंह – 1 बार

  • वी.पी. सिंह – 1 बार

  • एच.डी. देवेगौड़ा – 1 बार

  • आई.के. गुजराल – 1 बार

क्यों खास है आज का भाषण?

पीएम मोदी का 12वां भाषण सिर्फ रिकॉर्ड के लिहाज से ही नहीं, बल्कि कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संदर्भों के कारण भी खास है। आज का संबोधन पूरी दुनिया में सुना जाएगा। रावलपिंडी में पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर, इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और वॉशिंगटन डीसी में अमेरिकी प्रशासन भी इस पर नज़र रखेंगे।

ऑपरेशन सिंदूर का प्रभाव
1971 के बाद पहली बार, ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के भीतर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने के साथ-साथ पाकिस्तानी एयरबेस को भी निष्क्रिय कर दिया। इस ऐतिहासिक अभियान का जिक्र आज पीएम मोदी के भाषण में और लाल किले की सजावट में देखने को मिलेगा।

अमेरिका के साथ टैरिफ विवाद
भारत और अमेरिका के बीच चल रहे टैरिफ विवाद पर भी आज चर्चा हो सकती है। अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सख्त बयानों के बीच पीएम मोदी ने किसानों के हितों को सर्वोपरि बताया है, और संभव है कि आज के भाषण में वह इसे दोहराएं।

पीएम मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषणों की अवधि

  • 2014 – 65 मिनट

  • 2015 – 88 मिनट

  • 2016 – 96 मिनट (सबसे लंबा)

  • 2017 – 56 मिनट

  • 2018 – 83 मिनट

  • 2019 – 92 मिनट

  • 2020 – 86 मिनट

  • 2021 – 88 मिनट

  • 2022 – 83 मिनट

  • 2023 – 90 मिनट

  • 2024 – 98 मिनट

तिरंगे में रंगा देश

लाल किले पर मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ पूरा भारत आज आजादी के रंग में सराबोर है। दिल्ली से मुंबई, गुजरात से असम और कश्मीर से कन्याकुमारी तक हर गली-मोहल्ला तिरंगे से सजा है। लाल किले पर पीएम मोदी के ध्वजारोहण के समय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए जाएंगे और ऑपरेशन सिंदूर की उपलब्धियों को दर्शाने वाला विशेष चॉपर भी उड़ान भरेगा।

अगर खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर ज़रूर करें!
0Shares
Scroll to Top