Home » Blogs » टाटा मोटर्स ने किया 38,240 करोड़ रुपये में IVECO का अधिग्रहण, यूरोप में बढ़ाएगी कदम

टाटा मोटर्स ने किया 38,240 करोड़ रुपये में IVECO का अधिग्रहण, यूरोप में बढ़ाएगी कदम

दिल्ली: भारत की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने इटली की कमर्शियल व्हीकल निर्माता कंपनी IVECO Group N.V. के अधिग्रहण की बड़ी घोषणा की है। यह डील करीब 3.8 अरब यूरो यानी 38,240 करोड़ रुपये में पूरी की जाएगी। टाटा मोटर्स इस अधिग्रहण के ज़रिए अपने कमर्शियल व्हीकल बिजनेस को यूरोपीय बाजार में और मज़बूत बनाने की तैयारी में है।

क्या है डील में खास:
टाटा मोटर्स ने बताया कि यह अधिग्रहण IVECO के डिफेंस बिजनेस को छोड़कर किया जाएगा।

कंपनी इवेको ग्रुप की 100% सामान्य शेयर पूंजी का अधिग्रहण करेगी।

यह पूरा सौदा नकद भुगतान के माध्यम से किया जाएगा।

टाटा मोटर्स इस सौदे के लिए प्रति शेयर 14.1 यूरो की दर से 27.12 करोड़ शेयरों के लिए स्वैच्छिक निविदा पेशकश (Voluntary Tender Offer) लाएगी।

यह डील नियामकीय और कानूनी मंजूरियों के अधीन होगी।

नेतृत्व की प्रतिक्रिया:
टाटा मोटर्स के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा,

“यह अधिग्रहण टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल यूनिट के डिमर्जर के बाद एक स्वाभाविक अगला कदम है। इससे हमें भारत और यूरोप में सामरिक उपस्थिति के साथ वैश्विक प्रतिस्पर्धा में बढ़त मिलेगी।”

वहीं, IVECO ग्रुप की चेयरपर्सन सुजेन हेवुड ने कहा,

“यह सौदा दो कंपनियों के बीच स्थायी गतिशीलता और साझा दृष्टिकोण का प्रतीक है।”

शेयर बाजार में टाटा मोटर्स को झटका:
इस घोषणा के बाद बुधवार को टाटा मोटर्स के शेयरों में 3.47% की गिरावट देखी गई।

शेयर ₹24 की गिरावट के साथ ₹668.40 पर बंद हुआ।

इंट्राडे हाई ₹691.95 और लो ₹665.45 रहा।

वर्तमान में कंपनी का मार्केट कैप ₹2.46 लाख करोड़ है।

टाटा मोटर्स का 52 वीक हाई ₹1179.05 और लो ₹542.55 है।

टाटा का वैश्विक विस्तार:
IVECO के अधिग्रहण के साथ टाटा मोटर्स अब यूरोपीय बाजार में एक नई पहचान बनाने जा रही है। इससे पहले कंपनी ने अपने कमर्शियल वाहन कारोबार को अलग किया था, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक तेज़ी से विस्तार हो सके।

यह डील न केवल टाटा मोटर्स के वैश्विक विस्तार का संकेत है, बल्कि भारत की विनिर्माण और ऑटोमोबाइल शक्ति को भी दुनिया के सामने प्रदर्शित करती है। आने वाले समय में इसका प्रभाव कंपनी के प्रॉफिट और ग्लोबल पोजीशनिंग पर साफ़ दिखेगा।

अगर खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर ज़रूर करें!
0Shares
Scroll to Top