Ahmedabad- Mumbai Bullet Train: अहमदाबाद-मुंबई के बीच नहीं चलेगी बुलेट ट्रेन, रेल मंत्रालय ने लिया बड़ा फैसला!

Photo of author

By Hindustan Uday

🕒 Published 3 weeks ago (3:04 PM)

नई दिल्ली।देश की सबसे महत्वाकांक्षी परिवहन योजना मानी जा रही अहमदाबाद-मुंबई हाई स्पीड रेल कॉरिडोर को लेकर रेलवे मंत्रालय ने अहम निर्णय लिया है। अब इस रूट पर जापानी बुलेट ट्रेन नहीं बल्कि भारत में बनी सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन दौड़ेगी।

जापानी ट्रेन नहीं, स्वदेशी वंदे भारत दौड़ेगी
रेल मंत्रालय के अनुसार, इस कॉरिडोर पर जापानी बुलेट ट्रेन के बजाय वंदे भारत (सिटिंग वर्जन) चलाई जाएगी, जो 250 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ सकेगी। हालांकि यह ट्रेन 280 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार हासिल करने में सक्षम है। यह देश की पहली वंदे भारत ट्रेन होगी जो इतनी तेज रफ्तार से चलेगी।

प्रोजेक्ट का ट्रायल जल्द, आम यात्री 2027 से कर सकेंगे सफर
मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड कॉरिडोर के सूरत से बलिमोरा तक के 50 किमी सेक्शन का काम लगभग पूरा हो चुका है। साल के अंत तक ट्रायल रन की शुरुआत की जाएगी। रेल मंत्रालय का लक्ष्य है कि वर्ष 2027 तक इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाए।

जापान ने बढ़ा दी बुलेट ट्रेन की कीमत, यह बनी मुख्य वजह
इस बदलाव के पीछे बड़ी वजह है जापान द्वारा बुलेट ट्रेन के कोच की कीमतों में भारी इजाफा। शुरूआती समझौते के अनुसार, प्रति कोच की लागत 16 करोड़ रुपये तय हुई थी। लेकिन बीते वर्ष जापान ने यह लागत बढ़ाकर सीधे 50 करोड़ रुपये प्रति कोच कर दी। इससे एक पूरी 16 कोच की बुलेट ट्रेन की लागत 800 करोड़ रुपये हो गई, जो परियोजना के बजट पर भारी असर डालती।

अन्य देशों में कितनी तेज चलती हैं बुलेट ट्रेनें?
ट्रेन स्पीड की बात करें तो जापान इस मामले में सबसे आगे है, जहां बुलेट ट्रेन 603 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती है। इसके बाद चीन में 600 किमी प्रति घंटा और फ्रांस में 320 किमी प्रति घंटे की ट्रेनें चलती हैं। भारत में फिलहाल वंदे भारत की अधिकतम गति 180–200 किमी/घंटा है, लेकिन नए कॉरिडोर पर इसे 250 किमी/घंटा तक ले जाया जा रहा है।

Leave a Comment