Home » Blogs » BJP on Congress: राष्ट्रपति मुर्मू को लेकर खरगे के बयान पर मचा राजनीतिक बवाल, बीजेपी ने की माफी की मांग

BJP on Congress: राष्ट्रपति मुर्मू को लेकर खरगे के बयान पर मचा राजनीतिक बवाल, बीजेपी ने की माफी की मांग

नई दिल्ली:कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर दिए गए बयान को लेकर सियासी गर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इसे राष्ट्रपति पद का अपमान बताते हुए खरगे से सार्वजनिक माफी की मांग की है।

बीजेपी का आरोप: संवैधानिक पद की गरिमा का उल्लंघन
बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जब कोई मेहनत से देश के सबसे बड़े संवैधानिक पद पर पहुंचता है, तो कांग्रेस नेताओं को वह रास नहीं आता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार आदिवासी महिला राष्ट्रपति का अपमान कर रही है। गौरव भाटिया ने कहा कि अधीर रंजन चौधरी से लेकर अब मल्लिकार्जुन खरगे तक, कांग्रेस नेताओं का रवैया अस्वीकार्य है।

“मुर्मा” और “कोविड” कहकर उड़ाया मजाक
भाटिया ने आरोप लगाया कि मल्लिकार्जुन खरगे ने राष्ट्रपति मुर्मू को ‘मुर्मा जी’ और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को ‘कोविड’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने यह भी कहा कि खरगे ने राष्ट्रपति मुर्मू को ‘भू-माफिया’ कहकर न केवल उनका अपमान किया, बल्कि यह दर्शाया कि कांग्रेस नेतृत्व संविधान और उसके प्रतीकों का सम्मान नहीं करता।

कांग्रेस पर दलित-विरोधी मानसिकता का आरोप
बीजेपी का कहना है कि यह रवैया कांग्रेस की दलित और आदिवासी विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। भाटिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल एक परिवार के इशारे पर काम करती है और उनके लिए संविधान से ऊपर पार्टी हाईकमान होता है।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनके इशारे पर खरगे जैसे वरिष्ठ नेता इस तरह के बयान दे रहे हैं। भाटिया ने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस पार्टी इस बयान पर खरगे के खिलाफ कोई कार्रवाई करेगी? क्या उन्हें पार्टी से निकाला जाएगा?

पहले भी हो चुके हैं ऐसे बयान
गौरव भाटिया ने याद दिलाया कि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहकर संबोधित किया था और बाद में उसे “स्लिप ऑफ टंग” बताया। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अजय कुमार और उदित राज जैसे कांग्रेस नेताओं ने भी राष्ट्रपति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं।

अगर खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर ज़रूर करें!
0Shares
Scroll to Top