Home » Blogs » हिमाचल में मणिमहेश यात्रा पर निकले 11 श्रद्धालुओं की लैंडस्लाइड में मौत, बारिश ने मचाई भयंकर तबाही, यात्रा पर लगी रोक

हिमाचल में मणिमहेश यात्रा पर निकले 11 श्रद्धालुओं की लैंडस्लाइड में मौत, बारिश ने मचाई भयंकर तबाही, यात्रा पर लगी रोक

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने चंबा और भरमौर क्षेत्रों में भयंकर तबाही मचा दी है। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर में भारी बारिश के बीच मणिमहेश यात्रा पर निकले 11 श्रद्धालुओं की लैंडस्लाइड में मौत हो गई है। मृतकों में 3 पंजाब, 1 उत्तर प्रदेश और 5 चंबा के रहने वाले हैं। दो लोगों की अभी पहचान नहीं हुई है। हालात गंभीर होते देख प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा पर रोक लगा दी है। अब तक करीब 3,000 यात्री सुरक्षित लौटाए गए हैं, लेकिन लगभग 7,000 श्रद्धालु अब भी फंसे हुए हैं। यात्रियों और उनके परिवारों की सुविधा के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। यह यात्रा हर साल जन्माष्टमी से राधाष्टमी तक होती है। इस बार जन्माष्टमी 16 अगस्त और राधाष्टमी 31 अगस्त को है।

मणिमहेश यात्रा पर गए हजारों श्रद्धालु फंसे

भरमौर पूरी तरह से बाहरी दुनिया से कट चुका है। कई जगहों पर सड़कें ध्वस्त हो गई हैं और दूरसंचार सेवाएं भी ठप हैं। इस बीच प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा पर गए हजारों श्रद्धालु जगह-जगह फंसे हुए हैं। पिछले चार-पांच दिनों से हो रहे भूस्खलन और मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर पैदल ही सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं।

राज्यभर में बिगड़े हालात

भारी बारिश से हिमाचल प्रदेश का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। प्रदेश में दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 795 सड़कें बंद हो चुकी हैं। पांच जिलों में सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। ब्यास नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे हालात और गंभीर हो रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण कई घरों में पानी भर गया है और चंबा जिले में पांच मकान ढह चुके हैं।

अगर खबर पसंद आई हो तो इसे शेयर ज़रूर करें!
0Shares
Scroll to Top